​धूं-धूं कर जला घर: मानगो के कावेरी रोड पर भीषण आग, तबाही का मंजर देख कांप उठी रूह

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : शहर के मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत दाईगुटु कावेरी रोड पर शनिवार को एक भीषण अग्निकांड में एक परिवार की जीवन भर की कमाई खाक हो गई। यहां रहने वाली उर्मिला देवी के बंद मकान में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख के ढेर में तब्दील हो गया।

पड़ोसियों ने दिखाई बहादुरी, ताला तोड़कर बुझाने दौड़े
​हादसे के वक्त घर पर ताला लटका हुआ था और परिवार का कोई भी सदस्य अंदर मौजूद नहीं था। घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख स्थानीय मोहल्लेवासियों में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई और घर का ताला तोड़कर आग बुझाने की कोशिशों में जुट गए।

फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
​घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची। मोहल्ले वालों और दमकल कर्मियों के संयुक्त प्रयास के बाद काफी मशक्कत से आग पर नियंत्रण पाया जा सका। हालांकि, जब तक आग बुझती, तब तक घर के अंदर मौजूद कीमती सामान, दस्तावेज और फर्नीचर पूरी तरह जल चुके थे।

प्रशासन कर रहा है नुकसान का आकलन
​इस घटना के बाद पूरे दाईगुटु इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। गनीमत यह रही कि घर खाली होने के कारण किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। पुलिस और प्रशासन की शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। फिलहाल प्रशासन नुकसान का विस्तृत आकलन करने में जुटा है।

Share This Article