एक्साइज ड्यूटी में भारी कटौती: महंगाई पर लगेगी लगाम, सोंथालिया ने बताया ‘ऐतिहासिक कदम’

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री सुरेश सोंथालिया ने केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर विशेष एक्साइज ड्यूटी में की गई महत्वपूर्ण कटौती का स्वागत करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय संकट के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देश की जनता के हित में एक अत्यंत सराहनीय कदम बताया है।

उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के बीच प्रधानमंत्री मोदी का यह निर्णय आम जनता को राहत देने और आर्थिक स्थिरता बनाए रखने की दिशा में एक ठोस और दूरदर्शी पहल है। सरकार द्वारा पेट्रोल पर विशेष एक्साइज ड्यूटी को ₹13 से घटाकर ₹3 प्रति लीटर तथा डीजल पर ₹10 से घटाकर शून्य कर दिया जाना न केवल उपभोक्ताओं के लिए राहतकारी है, बल्कि इससे परिवहन व लॉजिस्टिक क्षेत्र को भी बड़ी मजबूती मिलेगी।

सोंथालिया ने विशेष रूप से कहा कि इस निर्णय का सबसे बड़ा सकारात्मक प्रभाव लॉजिस्टिक लागत पर पड़ेगा। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में स्थिरता आने से परिवहन खर्च में वृद्धि पर अंकुश लगेगा, जिससे वस्तुओं की ढुलाई लागत नियंत्रित रहेगी और बाजार में कीमतों के अनावश्यक बढ़ने पर रोक लगेगी। इसका सीधा लाभ देश के करोड़ों उपभोक्ताओं को मिलेगा, क्योंकि आवश्यक वस्तुओं की कीमतें संतुलित बनी रहेंगी।

उन्होंने आगे कहा कि अंतरराष्ट्रीय संकट के इस दौर में सरकार के सामने यह चुनौती थी कि या तो खुदरा कीमतों में वृद्धि होने दी जाए या फिर स्वयं वित्तीय भार वहन किया जाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने जनता के हितों को सर्वोपरि रखते हुए दूसरा विकल्प चुना, जो कि एक संवेदनशील और जनकल्याणकारी निर्णय है। सोंथालिया ने कहा कि देश का व्यापारिक समुदाय इस निर्णय का पूर्ण समर्थन करता है और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि इस राहत का लाभ अंतिम उपभोक्ता तक पहुंचे और किसी भी तरह से आपूर्ति श्रृंखला बाधित न हो। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम देश के आम नागरिकों को बड़ी राहत प्रदान करेगा और अर्थव्यवस्था को स्थिर और सुदृढ़ बनाने में सहायक सिद्ध होगा।

Share This Article