मिरर मीडिया : जामताड़ा का करमाटांड़ एक बार फिर चर्चा में है। दरअसल हैदराबाद पुलिस एवं जामताड़ा थाना ने करमाटांड़ के सिंदूरजोरी गांव से साइबर ठग सीताराम मंडल और दूसरे आरोपित मजीद अंसारी को रिंगोचिंगो गांव से हिरासत में लिया है। सूत्रों की माने तो दोनों पर हैदराबाद साइबर थाना में दर्ज ठगी के अलग-अलग मामले में गिरफ्तार किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सीताराम ने सेवानिवृत्त अधिकारी पी रायडू के खाते से नौ लाख रुपये उड़ाए थे। तेलंगाना से आए पुलिस अधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि ट्रांजिट रिमांड पर दोनों को ले जाएंगे। बहुत पहले सुपर स्टार अमिताभ बच्चन साइबर ठगी के शिकार हुए थे। उस मामले में सीताराम मंडल गिरोह का नाम आता है।
पुलिस के मुताबिक सीताराम सात साल से ठगी कर रहा है। 2020 में पी रायडू को फोन पर बैंक अधिकारी बनकर मंडल ने झांसा दिया। उनके खाते व एटीएम का गोपनीय नंबर लेकर ठग लिया। मजीद ने वेणु गोपाल के खाते से एक लाख रुपये उड़ाए थे। सीताराम तीन बार जेल जा चुका है। मजीद दूसरी बार जा रहा है। मंडल पर जामताड़ा में आठ व तेलंगाना में सात मामले दर्ज हैं। इस वर्ष भी चार मामले जामताड़ा में दर्ज हुए हैं। एसपी ने बताया कि सीताराम को ठगी के मामले में कोर्ट से दो वर्ष पहले सजा हुई थी। दस साइबर अपराधियों को सजा दिलाई जा चुकी है।