रामगढ़। मनरेगा कानून को कमजोर किए जाने के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। शनिवार को रामगढ़ सर्किट हाउस में मनरेगा बचाव कार्यक्रम के तहत आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार को चेतावनी दी कि यदि MGNREGA को पूरी ताकत के साथ बहाल नहीं किया गया, तो देशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
केंद्र सरकार पर मनरेगा को कमजोर करने का आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस को मनरेगा बचाव कार्यक्रम के प्रभारी एवं अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष शमशेर आलम, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह विधायक ममता देवी तथा अल्पसंख्यक आयोग के वारिश कुरैशी ने संयुक्त रूप से संबोधित किया।
शमशेर आलम ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा को कमजोर कर VB–ग्राम जी एक्ट लागू करना ग्रामीण गरीबों, दलितों, आदिवासियों और महिलाओं के काम के अधिकार पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि यह कानून वर्षों के संघर्ष से हासिल रोजगार गारंटी को समाप्त करने की साजिश है।
काम की गारंटी खत्म, मजदूरी भुगतान में देरी की आशंका
उन्होंने कहा कि जहां मनरेगा के तहत 100 दिनों के काम की कानूनी गारंटी थी, वहीं नए कानून में काम को आपूर्ति-आधारित बना दिया गया है। बजट सीमित कर दिया गया है और फंडिंग में कटौती की गई है, जिससे काम के दिन घटेंगे और मजदूरी भुगतान में देरी होगी। इसका सीधा असर ग्रामीण श्रमिकों की आजीविका पर पड़ेगा।
पंचायतों और मजदूरों के अधिकारों पर संकट
वक्ताओं ने कहा कि नए ढांचे से काम की पहुंच सीमित हो जाएगी और कई पंचायतें योजना से बाहर हो सकती हैं। कृषि के चरम मौसम में मिलने वाला सुरक्षा कवच समाप्त हो जाएगा। बायोमेट्रिक बाधाओं के कारण बुजुर्ग और मेहनतकश मजदूर मजदूरी से वंचित हो सकते हैं।
कॉरपोरेट हितों को प्राथमिकता देने का आरोप
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नए कानून के तहत ग्राम सभाओं की भूमिका कमजोर की जा रही है और कॉरपोरेट हितों को प्राथमिकता दी जा रही है। स्थानीय जरूरतों की अनदेखी कर बड़े प्रोजेक्ट्स को बढ़ावा दिया जाएगा तथा ठेकेदारों को अनुमति देकर भ्रष्टाचार का रास्ता खोला जा रहा है।
सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी कांग्रेस : ममता देवी
कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह विधायक ममता देवी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मनरेगा को कमजोर नहीं होने देगी और ग्रामीण जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। वहीं शमशेर आलम ने बताया कि इस मुद्दे पर पूरे जिले में जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
5 जनवरी को मोरहाबादी में पैदल मार्च
इसी मुद्दे को लेकर 5 जनवरी 2026 को कांग्रेस पार्टी द्वारा बापू वाटिका, मोरहाबादी से लोक भवन तक पैदल मार्च निकाला जाएगा। इसके माध्यम से केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया जाएगा और मनरेगा को बचाने की मांग को मजबूती से उठाया जाएगा।
केंद्र सरकार से ये प्रमुख मांगें
प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से केंद्र सरकार से मांग की गई कि—
MGNREGA को पूरी ताकत के साथ बहाल किया जाए
VB–ग्राम जी एक्ट को तत्काल निरस्त किया जाए
मजदूरी का समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए
ग्रामीण रोजगार के कानूनी अधिकार को मजबूत किया जाए
ये रहे मौजूद नेता
मौके पर सीपी संतन, पंकज तिवारी, दिनेश मुंडा, मुकेश यादव, सुधीर मंगलेश, संजय साव, शहजाद खान, सागर महतो, भैरो ठाकुर, धर्मराज राम, बलराम साहू, टिंकू खान, गगन करमाली, अनिल नायक, राजू बर्मा, अनिल मुंडा, आजाद सिंह, कार्तिकराम, धीरेन्द्र कुमार, उत्तम कुमार सहित कई कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

