Bihar: बिहार में अमित शाह, आज डेहरी-बेगूसराय में कार्यकर्ताओं संग मंथन, बनेगी दक्षिण बिहार फतह की रणनीति

Neelam
By Neelam
3 Min Read

देश के गृह मंत्री अमित शाह बिहार के दौरे पर हैं। अमित शाह बुधवार शाम दो दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचे। पटना आने के बाद शाह ने बिहार बीजेपी के प्रमुख नेताओं से रात में ही बातचीत की। आज यानी गुरुवार की सुबह 11:30 बजे वो रोहतास बीजेपी की क्षेत्रीय बैठक में शामिल होंगे। उसके बाद 2:30 बजे तक रोहतास से बेगूसराय पहुंचेंगे। चुनाव से पहले अमित शाह का ये दौरा काफी अहम माना जा रहा है।

अमित शाह से मिलने बीजेपी के कई नेता पटना के होटल मौर्या पहुंचे। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से लेकर विजय सिन्हा, नित्यानंद राय, विनोद तावड़े, मंगल पांडे, भिखू भाई दलसाणिया सहित कई नेता पहुंचे। इस दौरान अमित शाह ने बीजेपी नेताओं के साथ चुनाव की रणनीति पर चर्चा की।

डेहरी-आन-सोन और बेगूसराय अहम बैठक

अमित शाह आज गुरूवार को डेहरी-आन-सोन और उसके बाद बेगूसराय में बैठक कर चुनौती रणनीति बनाएंगे।सासाराम के डेहरी-ऑन-सोन के ललन सिंह स्टेडियम में वह रोहतास, कैमूर, बक्सर, भोजपुर, पूर्वी गया, पश्चिमी गया, जहानाबाद, अरवल, नवादा और औरंगाबाद के भाजपा नेताओं से बात करेंगे। इन इलाकों के सांसद, विधायक, विधान पार्षदों के अलावा पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों को इस बैठक में बुलाया गया है। दूसरी बैठक बेगूसराय के रिफाइनरी टाउनशिप खेल मैदान में होगी। इसमें बेगूसराय के साथ ही पटना महानगर, पटना ग्रामीण, बाढ़ पटना, नालंदा, शेखपुरा, मुंगेर, जमुई, लखीसराय और खगड़िया के भाजपा नेताओं से बात करेंगे।

सासाराम में सांसद और विधायकों से करेंगे मुलाकात 

अमित शाह की बैठक में चुनावी रणनीति तो वैसे दक्षिण-पूर्व बिहार के संदर्भ में बनेगी, लेकिन शाहाबाद और मगध पर विशेष कर फोकस होगा। दोनों बैठकों में 10-10 संगठनात्मक जिलों से संबंधित पदाधिकारी की उपस्थिति होगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सासाराम में आस-पास के कई जिलों के सांसद, विधायक सहित पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ एक अहम बैठक करेंगे। बैठक को लेकर भाजपा की ओर से भी तैयारियां पूरी है। गृह मंत्री पार्टी के सभी मुख्य कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे, जिससे आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को एक नई ऊर्जा मिलेगी। 

2020 के प्रदर्शन से शाह चिंतित

अमित शाह इस क्षेत्र में राजग के अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन को लेकर चिंतित रहे हैं। वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में इन जिलों की बड़ी संख्या में सीट राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस और वाम दलों ने जीती थीं। इस इलाके में रोहतास, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, गया, नवादा, अरवल, जहानाबाद और औरंगाबाद जैसे जिले आते हैं। पिछली बार चार जिलों वाले शाहाबाद के कैमूर, बक्सर और रोहतास जिला में भाजपा क्या एनडीए का खाता तक नहीं खुला था। एकमात्र भोजपुर जिला में भाजपा को दो सीटें मिली थीं। चार जिलों वाले सीमांचल के किशनगंज में भी एनडीए खाली हाथ रहा था।

Share This Article