कांग्रेस का आंतरिक कलह एक बार फिर खुलकर सामने आ गया है। बिहार कांग्रेस में इन दिनों आपसी कड़वाहट साफ सुनाई दे रही है। कटिहार सासंद तारिक अनवर पर उनकी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता शकील अहमद खान ने बड़ा आरोप लगाया है।
कमीशन लेने का गंभीर आरोप
पार्टी के वरिष्ठ नेता सह पूर्व विधायक डॉ. शकील अहमद खान ने कहा कि तारिक अनवर पिछले 40 सालों से कटिहार की अवाम के लिए कोई ठोस काम नहीं कर पाए। उन्होंने इल्ज़ाम लगाया कि न तो वे जनता के मसलों पर सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करते हैं और न ही पार्टी कार्यकर्ताओं की परवाह करते हैं। इतना ही नहीं, सांसद निधि से होने वाले कार्यों में ऊंचे दर पर कमीशन लेने और काम को दूसरे दलों के लोगों को देने का भी आरोप जड़ दिया।
शकील अहमद का तारीक अनवर पर तंज
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए शकील अहमद ने बेहद तल्ख लहजे में कहा कि तारिक अनवर जिस तरह से सार्वजनिक मंचों पर शीर्ष नेतृत्व और प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं, वह सीधे तौर पर अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिस व्यक्ति को पार्टी ने स्वयं अनुशासन समिति का अध्यक्ष बनाया है, वह खुद ही पार्टी की गरिमा और अनुशासन को ताक पर रखकर अपनी जिम्मेदारी से भटक गया है।
शकील अहमद ने पूछा- क्षेत्र के विकास के लिए क्या किया?
डॉ. शकील ने तारिक अनवर की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि नेतृत्व ने एक दलित के बेटे को अध्यक्ष बनाकर सम्मान दिया है, जिनकी अपनी एक बड़ी विरासत है, लेकिन तारिक साहब उन पर उंगली उठा रहे हैं जो उनकी संकुचित सोच को दर्शाता है। उन्होंने तारिक अनवर के 40 साल के राजनीतिक इतिहास का हिसाब मांगते हुए कहा कि कटिहार की जनता ने उन्हें जो सम्मान दिया, उसके बदले उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कौन सा बड़ा काम किया।
बीजेपी ने कसा तंज
कांग्रेस के इस आपसी जंग के बीच एनडीए खेमा मौज लेने से नहीं चूक रही है। भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज राय ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के दोनों दिग्गज जनता की अदालत में बेनकाब हो चुके हैं।

