उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू ने बिहार को लेकर अमर्यादित बयान दिया है। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू का एक कथित विवादित बयान सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीति में नया भूचाल आ गया है। बयान सामने आते ही कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताते हुए इसे महिलाओं के सम्मान से जोड़कर सरकार और सत्तारूढ़ दल पर सवाल खड़े किए।

रेखा आर्य के पति की आपत्तिजनक टिप्पणी
उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू ने बीजेपी कार्यकर्ताओं की एक बैठक के दौरान कथित तौर पर महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में मंत्री के पति एक अविवाहित कार्यकर्ता को संबोधित करते हुए यह कहते नजर आ रहे हैं कि “लड़कियों की कोई कमी नहीं है” और “बिहार में 20–25 हजार रुपये में शादी के लिए लड़कियां मिल जाती हैं।
तोड़-मरोड़ कर गलत संदर्भ में पेश करने का आरोप
मामले को बढ़ता देख गिरधारी लाल साहू ने सोशल मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए अपनी सफाई पेश की। उन्होंने कहा कि वह दोलाघट में आयोजित एक कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष के आग्रह पर पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान बुजुर्गों और महिलाओं का स्वागत किया जा रहा था। इसी दौरान एक मित्र की शादी समारोह को लेकर सामान्य बातचीत हुई थी। गिरधारी लाल साहू ने आरोप लगाया कि इस सामान्य चर्चा को राजनीतिक विरोधियों ने तोड़-मरोड़ कर गलत संदर्भ में पेश किया, जिससे विवाद खड़ा किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने बयान का संदर्भ बदला है, जो पूरी तरह निराधार और भ्रामक है।
कांग्रेस ने कहा- बेहद शर्मनाक
कांग्रेस ने इस बयान को महिला विरोधी सोच करार देते हुए कहा कि जिस सरकार में महिला सशक्तिकरण की जिम्मेदारी संभालने वाली मंत्री के परिवार से इस तरह की भाषा सामने आए, वह सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान की बात कैसे कर सकती है। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुजाता पाल ने इस बयान को बेहद शर्मनाक बताते हुए भाजपा को कठघरे में खड़ा किया है।

