डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : बालीगुमा में बीती देर रात करणी सेना के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष विनय सिंह की गोली मार दी गई। जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गयी। मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। सीनियर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हमलावरों की तलाश जारी है।
विनय सिंह क्षत्रिय करणी सेना परिवार के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश उपाध्यक्ष थे। विनय सिंह की हत्या के बाद आक्रोशित करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने डिमना रोड और नेशनल हाइवे 33 को जाम कर दिया। जानकारी के मुताबिक विनय सिंह किसी निजी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। तभी भीड़भाड़ इलाके का फायदा उठाकर हमलावरों ने उन पर धावा बोल दिया और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। विनय सिंह के पूरे शरीर को हमलावरों ने गोलियों से भून डाला। जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गोली चलाने वाले लोग बाइक पर सवार होकर आए थे और विनय सिंग को गोली मारने के बाद वहां से फरार हो गए।