डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : आंध्र भक्त श्रीराम मंत्रम बिष्टुपुर में आज भगवान श्रीराम का पत्ताभिषेकम महोत्सव और हनुमान जयंती एक साथ अत्यंत श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाई गई। यह आयोजन उस ऐतिहासिक क्षण की स्मृति में किया गया। जब भगवान श्रीराम 14 वर्षों के वनवास के बाद अयोध्या लौटे थे और उनका राज्याभिषेक सम्पन्न हुआ था।
इस अवसर पर पंडित संतोष कुमार व पंडित नरेश कुमार के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दिव्य पूजा-अर्चना व अभिषेकम सम्पन्न कराया गया। भगवान श्रीराम को प्रतीक रूप में राजमुकुट धारण कराते हुए उनका पत्ताभिषेक किया गया। इसके बाद भव्य आरती उतारी गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु सम्मिलित हुए और इस दिव्य दृश्य के साक्षी बने।
भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की प्रतिमाएं विशेष फूलों और पारंपरिक वस्त्रों से सुसज्जित की गई थी। जिससे राम दरबार की शोभा देखते ही बन रही थी। भक्तजन भक्ति भाव में डूबे हुए इस आयोजन का आनंद ले रहे थे।
इसके साथ ही हनुमान जयंती के पावन अवसर पर 11 बार हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ भी किया गया। जिससे सम्पूर्ण मंदिर परिसर ‘जय हनुमान’ और ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्ति की भावना देखने को मिली। यह आयोजन भक्तों के लिए एक आध्यात्मिक ऊर्जा से भरने वाला और अविस्मरणीय अनुभव बन गया।