डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : शहर के कदमा इलाके में एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने न सिर्फ पुलिस महकमे को हिलाकर रख दिया है, बल्कि घायल युवक के साहस को देखकर हर कोई हैरान है। रामजनम नगर के रहने वाले पेंटर व वेल्डिंग कारीगर संजय तांडी को उसके ही पड़ोस में रहने वाले ममेरे भाइयों ने निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोली संजय के जबड़े को चीरती हुई आर-पार निकल गई। चारों तरफ खून ही खून बिखरा था, लेकिन इस जानलेवा हमले के बाद भी संजय ने गजब का साहस दिखाया। वह लहूलुहान हालत में जमीन पर गिरा, पर हिम्मत जुटाकर खुद ही घटनास्थल पर गिरा गोली का खोखा उठाया और स्वयं इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंच गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत पर निगरानी शुरू कर दी है। संजय ने पुलिस को दिए बयान में बताया, मेरा ममेरा भाई अनिल सोना और कृष्णा सोना बातचीत के बहाने मेरे पास आए। थोड़ी देर सामान्य बात करने के बाद अचानक उन्होंने कमर से पिस्टल निकाली और मुझ पर फायर झोंक दिया।
गैस सिलेंडर का विवाद या पुरानी रंजिश?
संजय की मां के अनुसार विवाद की असल वजह चोरी का एक गैस सिलेंडर था। अनिल सोना किसी अन्य व्यक्ति से विवाद कर रहा था और संजय सिर्फ बीच-बचाव करने गया था। वहीं, पुलिस का मानना है कि यह मामला लंबे समय से चली आ रही आपसी दुश्मनी का भी है। इससे पहले साल 2024 में भी अनिल सोना ने संजय पर जानलेवा हमला कर उसे अधमरा कर दिया था, जिसकी प्राथमिकी कदमा थाने में दर्ज है।
पुलिस की कार्रवाई: पिता हिरासत में, आरोपी फरार
घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस हरकत में आई और अस्पताल पहुंचकर घायल के बयान दर्ज किए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पूछताछ के लिए मुख्य आरोपी के पिता को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी फरार आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

