आपसी रंजिश में युवक को मारी गोली, हालत खतरे से बाहर

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र के गांधीनगर में बीती रात गोली चलने की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बादल नामक एक युवक ने गांधीनगर निवासी पोपो मुंडा पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के मुताबिक, पोपो मुंडा अपने घर पर लेटा हुआ था, तभी अचानक बादल वहां पहुंचा और उस पर गोलियां बरसा दीं। पोपो को दो गोलियां उसके प्राइवेट पार्ट में लगीं, जिससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया।

घायल की हालत खतरे से बाहर
डॉक्टरों ने बताया कि पोपो मुंडा को दो गोलियां लगी हैं, लेकिन फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है। परिजनों ने यह सुनकर राहत की सांस ली है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह गोलीबारी किसी आपसी रंजिश का नतीजा लग रही है। पुलिस इस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

चश्मदीद के बयान और पुलिस की कार्रवाई
घटना की चश्मदीद गुड़िया ने पुलिस को बताया कि बादल ही वह युवक है, जिसने पोपो पर दो गोलियां चलाई। गोली चलने के बाद पूरे इलाके में भगदड़ मच गई और लोग दहशत में अपने घरों में बंद हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

मौके पर पहुंचे विधि व्यवस्था डीएसपी तौकीर आलम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने घटनास्थल से एक खाली खोखा भी बरामद किया है। डीएसपी आलम ने बताया कि शुरुआती जांच में आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है। गोली चलाने वाले आरोपी बादल की पहचान हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।

Share This Article