पटना में नोएडा जैसा हादसा देखने को मिला, जिसमें ढाई साल की क मासूम ने अपनी जान गंवा दी। नौबतपुर थाना क्षेत्र के सरासत गांव में एक ढाई साल की बच्ची की नाले में गिरकर मौत हो गई। बच्ची आंगनबाड़ी केंद्र से लौट रही थी, तभी यह हादसा हुआ।
आंगनबाड़ी से लौटते वक्त खुले चैंबर में गिरी
खुला नाला एक बार फिर मौत की वजह बना। ढाई साल की रिया रोज की तरह सुबह आंगनबाड़ी पढ़ने गई थी। दोपहर करीब 12 बजे घर लौट रही थी। इसी दौरान वह खुले चैंबर में गिर गई। आंगनबाड़ी केंद्र से घर की दूरी लगभग 100 मीटर ही है।
काफी खोजबीन के बाद भी नहीं मिली बच्ची
जब काफी देर तक बच्ची घर नहीं पहुंची, तो परिवार के लोग आंगनबाड़ी केंद्र गए। यहां पता चला कि बच्ची तो छुट्टी के बाद चली गई थी। परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन कहीं पता नहीं चला। बच्ची जब नहीं मिली तो परिजनों को लगा कि उसका कहीं अपहरण तो नहीं कर लिया गया। ऐसे में तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
देर शाम चैंबर में मिली लाश
इसी बीच खुले चैंबर पर ग्रामीणों की नजर गई। संदेह होने पर डंडा से खोजा गया तो बच्ची का थैला और कटोरा दिखा। इसके बाद परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से मोटर लगाकर नाले से पानी निकालना शुरू किया। पानी निकलने के बाद बच्ची कीचड़ में फंसी हुई मिली। लोग तुरंत उसे लेकर डॉक्टर के पास गए लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
खुले चैंबर की शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
घटना के बाद ग्रामीण गुस्से में हैं। लोगों का आरोप है कि खुले चैंबर की शिकायत पहले भी कई बार प्रशासन से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बता दें कि कुछ महीने पहले भी इसी क्षेत्र में खुले नाले और चैंबर की वजह से दुर्घटना की घटना सामने आई थी, जिसके बाद भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए।

