बिहार की राजनीति में नई पटकथा लिखी जा रही है। खबर है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपना पद छोड़कर राज्यसभा का रुख कर सकते हैं। पिछले 21 वर्षों से सूबे की सत्ता के केंद्र रहे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अब राज्यसभा जाने की तैयारी में हैं। बुधवार शाम 6 बजे से मुख्यमंत्री आवास पर बुलाई गई अहम बैठक ने अटकलों को और हवा दे दी।
एनडीए उम्मीदवारों के नामांकन में रहेंगे अमित शाह
सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार जेडीयू की ओर से राज्यसभा के उम्मीदवार होंगे और आज यानि गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। हालांकि, अभी पार्टी की ओर से आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। आज बीजेपी कोटे से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी नामांकन करेंगे। नीतीश कुमार, नितिन नवीन समेत एनडीए के 5 उम्मीदवारों का पर्चा भरवाने के लिए कल केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी पटना आ रहे हैं।
अंतिम फैसला नीतीश कुमार को ही लेना है- विजय चौधरी
बुधवार शाम को मुख्यमंत्री आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई, जिसमें जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और कद्दावर नेता विजय चौधरी मौजूद रहे। बैठक के बाद विजय चौधरी ने कहा कि अंतिम फैसला नीतीश कुमार को ही लेना है, लेकिन उनका दिल्ली जाना लगभग तय माना जा रहा है।
आज नामांकन की अंतिम तिथि
बता दें कि बिहार में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 5 मार्च यानी आज तय की गई है। आज कई बड़े नेता अपना नामांकन दाखिल करने वाले हैं। जानकारी के अनुसार जदयू की ओर से नीतीश कुमार और रामनाथ ठाकुर सुबह करीब 11 बजे विधानसभा पहुंचकर नामांकन दाखिल कर सकते हैं। हालांकि पार्टी की ओर से उम्मीदवारों की सूची अभी औपचारिक रूप से जारी नहीं की गई है।

