जमशेदपुर : जमशेदपुर के कारोबारी राजकुमार शाह के 5 ठिकानों पर आयकर विभाग ने शुक्रवार सुबह छापामारी की। आयकर अधिकारियों की टीम ने सुबह आठ बजे ही राजकुमार शाह के झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल स्थित ठिकानों पर छापामारी की कार्रवाई की। राजकुमार शाह के बिष्टुपुर सर्किट हाउस आवास, आदित्यपुर स्थित राजकुमार शाह के वाहन शो रूम, चाईबासा स्थित यूरोेपियन क्वार्टर आवास और चाईबासा सदर बाजार स्थित कार्यालय में छापामारी चल रही है। इन ठिकानों पर 50 से अधिक अधिकारी रेड कर रहे हैं।
आयकर अधिकारियों के साथ काफी संख्या में पुलिस बल को तैनात रखा है। मीडियाकर्मियों को भी शाह के आवास-कार्यालय छापामारी स्थल से दूर रखा जा रहा है। अधिकारियों ने कार्यालय व गेट को अंदर से बंद कर लिया। किसी को बाहर जाने और बाहर से किसी को भी अंदर आने की इजाजत नहीं दी जा रही है।

बता दें कि राजकुमार शाह बड़े उद्योगपति हैं। बड़ाजामदा और किरीबुरू में पिग आयरन के खदान के मालिक हैं। राजकुमार शाह हॉट ट्रेडिंग के मामले में आरोपी भी रहे हैं। आयकर अधिकारियों की टीम ने पोटका स्थित शाह स्पंज के प्लांट में भी छापामारी की है।