Homeराज्यबिहारबिहार में राजस्व कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू, सरकार के खिलाफ जताई...

बिहार में राजस्व कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू, सरकार के खिलाफ जताई नाराजगी

जमुई/ झाझा : बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ की राज्य इकाई के निर्देश पर 4 मार्च से प्रदेशभर में राजस्व कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल 4 मार्च से शुरू हो चुकी है। बिहार राज्य के सभी जिलों से हजारों कर्मचारी पटना के गर्दनीबाग में अपनी 17 सूत्री मांगों को लेकर कर्मचारी शांतिपूर्ण धरना दे रहे हैं। वहीं जमुई जिले के राजस्व कर्मचारी भी इस आंदोलन में सक्रिय रूप से शामिल हैं।

बता दें कि राजस्व कर्मचारियों ने बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली को पूरी तरह से हटाने की मांग करते हुए कहा कि सरकार सभी कर्मचारियों को लैपटॉप, मॉडम, डोंगल और मोबाइल उपलब्ध कराए तथा मासिक रिचार्ज राशि भी सुनिश्चित करे। इसके अलावा, क्षेत्र भ्रमण कार्य के लिए दोपहिया वाहन देने और पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।

मुख्य मांगें:

✔ ग्रेड पे 1900 से बढ़ाकर 2800 किया जाए।
✔ सभी नवनियुक्त कर्मचारियों को गृह जिले में पदस्थापित किया जाए।
✔ कर्मचारियों को ACP/MACP का लाभ दिया जाए।
✔ पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाए।
✔ सभी कर्मचारियों को लैपटॉप, डोंगल, इंटरनेट रिचार्ज जैसी सुविधाएं सरकार उपलब्ध कराए।
✔ राजस्व कर्मचारियों को गैर-राजस्व कार्यों से मुक्त किया जाए।
✔ सुरक्षा और सम्मान की गारंटी सुनिश्चित की जाए।

धरने पर बैठे कर्मचारियों ने सरकार पर सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि अगर जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन और उग्र होगा। इस संबंध में जिला प्रशासन को भी सूचना दी जा चुकी है।

संघ के जिला सचिव ने सभी मीडिया माध्यमों से अनुरोध किया कि इस आंदोलन को व्यापक रूप से प्रकाशित करें, ताकि सरकार तक कर्मचारियों की आवाज़ पहुंचे और उनकी समस्याओं का समाधान निकले।

KK Sagar
KK Sagar
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....

Most Popular