डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: पेरिस पैरालंपिक 2024 में के दूसरे दिन भारतीय खेलाडियों ने शानदार प्रदर्शन किया और देश के लिए महज दो घंटे में चार मेडल जीते। चार में से तीन मेडल शूटिंग और एक मेडल एथलेटिक्स (ट्रैक इवेंट) में आया। वहीं, हर मेडल के साथ भारतीय खिलाड़ियों ने इतिहास रचा दिया ।
अवनि व मोना ने मेडल जीतकर देश का खोला खाता
बता दें कि 30 अगस्त, दोपहर तीन बजे तक मेडल टैली में भारत के खाते में कोई मेडल नहीं था। वहीं ,इसके बाद शुरू हुए महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल (एसएच 1) इवेंट में भारत के लिए टोक्यो में गोल्ड जीतने वाली अवनि लेखरा और पहली बार पैरालंपिक खेल रही मोना अग्रवाल ने मेडल जीतकर भारत का खाता खोला।
अवनी लेखरा ने टोक्यो के बाद पेरिस पैरालंपिक में भी नये रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल जीता जबकि भारत की मोना अग्रवाल को ब्रॉन्ज मेडल मिला। तीन साल पहले टोक्यो में गोल्ड जीतने वाली 22 वर्ष की अवनी ने 249.7 का स्कोर करके अपना ही 249.6 का पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त किया। मोना ने 228.7 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता। यह पहला मौका था जब किसी एक शूटिंग इवेंट में भारत के दो पैरा निशानेबाज पोडियम पर पहुंचे।
100 मीटर रेस में प्रीति पाल ने जीता कांस्य पदक
वहीं,इस इवेंट के लगभग एक घंटे बाद महिलाओं का टी35 वर्ग की 100 मीटर फाइनल शुरू हुआ। जिसमें भारत की प्रीति पाल ने 14.21 सेकेंड के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय से कांस्य पदक जीता। 23 साल की प्रीति का कांस्य पदक पेरिस पैरालंपिक की पैरा एथलेटिक्स में भारत के इतिहास का पहला पदक है। इस इवेंट के बाद भारत की मेडल संख्या तीन हो गई।
पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल में मनीष नरवाल ने सिल्वर जीतकर रचा इतिहास
इधर, शाम साढ़े पांच बजे पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल (एसएच 1) इवेंट में भारत के मनीष नरवाल एक्शन में थे। मनीष ने टोक्यो में गोल्ड मेडल जीता था, ऐसे में उनसे फिर से मेडल की उम्मीद थी। मनीष नरवाल अपने गोल्ड को डिफेंड नहीं कर पाए लेकिन उन्होंने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। मनीष ने 234 . 9 स्कोर किया जबकि जियोंगडू ने 237 . 4 स्कोर करके स्वर्ण पदक जीता। नरवाल क्वालीफिकेशन दौर में 565 स्कोर करके पांचवें स्थान पर रहे थे। वह लगातार दो पैरालंपिक्स में मेडल जीतने वाले देश के पहले पैरा शूटर बने। इस तरह तीन बजे तक बिना किसी मेडल के टैली में मौजूद भारत के खाते में शाम छह बजे तक चार मेडल आ गए।
यहां पढ़े अन्य खबरें–
- खबरें और भी हैं mirrormedia.co.in पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं, आप हमसे जुड़ सकते हैं Facebook, Instagram, X अपने सुझाव या खबरें हमें mirrormedia2019@gmail.com पर भेजें।