मिरर मीडिया संवाददाता, धनबाद: केंद्र सरकार ने रेल कर्मचारियों के उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के सम्मान में 11 लाख से अधिक कर्मचारियों को 78 दिनों के समतुल्य उत्पादकता संबद्ध बोनस (पीएलबी) देने की घोषणा की है। इस निर्णय से कुल 11,72,240 रेल कर्मचारियों को 2028.57 करोड़ रुपये का बोनस मिलेगा। यह बोनस दुर्गा पूजा और दशहरा से पहले कर्मचारियों के खाते में पहुंचने की उम्मीद है।
रेलवे का वर्ष 2023-24 में शानदार प्रदर्शन रहा, जिसमें 1588 मिलियन टन रिकॉर्ड कार्गो लदान और लगभग 6.7 बिलियन यात्रियों ने रेल यात्रा की। इस उपलब्धि के पीछे सरकार द्वारा रेलवे में रिकॉर्ड पूंजीगत व्यय, परिचालन कुशलता में सुधार और नई तकनीकों का उपयोग जैसे कई कारक शामिल हैं।
बोनस का लाभ रेलपथ अनुरक्षक, लोको पायलट, स्टेशन मास्टर, पर्यवेक्षक, तकनीशियन, पॉइंट्समैन, गार्ड और अन्य ग्रुप ‘सी’ के कर्मचारियों सहित विभिन्न श्रेणियों को मिलेगा। प्रत्येक पात्र रेल कर्मचारी को 78 दिनों के लिए अधिकतम 17,951 रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।
यह बोनस न केवल रेल कर्मचारियों के लिए एक प्रोत्साहन है, बल्कि रेलवे के प्रदर्शन को और बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है।