चक्रधरपुर की मासूम को UP में 25 हजार में बेचा, ढाई महीने तक दरिंदगी, शरीर पर मिले जलने के निशान, 2 गिरफ्तार

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: झारखंड के चक्रधरपुर से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां की एक 16 वर्षीय नाबालिग बच्ची को बहला-फुसलाकर उत्तर प्रदेश ले जाया गया और मात्र 25 हजार रुपये में एक वस्तु की तरह बेच दिया गया। ढाई महीने तक उस मासूम को बंधक बनाकर न केवल उसका शारीरिक शोषण किया गया, बल्कि विरोध करने पर उसे बुरी तरह पीटा गया और गर्म चीजों से दागा गया।

स्कूल जाने के दौरान हुई थी अनबन, स्टेशन से दलाल ने बुना जाल
​घटना 20 जनवरी की है। मैट्रिक की छात्रा अपनी बड़ी बहन के साथ स्कूल जा रही थी, तभी दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। गुस्से में बच्ची स्टेशन पहुंच गई, जहां एक अज्ञात दलाल ने उसकी मजबूरी का फायदा उठाया। नौकरी और सुनहरे भविष्य का झांसा देकर वह उसे ट्रेन से उत्तर प्रदेश ले गया।

जमीन गिरवी रखकर खरीदी ‘मजबूरी’
​उत्तर प्रदेश के सीतापुर (इनायतपुर) पहुंचने पर दलाल ने किशोरी लाल कुईरी नामक व्यक्ति से संपर्क किया। किशोरी लाल ने अपने पड़ोसी संदीप कुमार को सौदा करने के लिए मनाया। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी संदीप ने इस बच्ची को खरीदने के लिए अपनी ढाई डिसमिल जमीन गिरवी रख दी और 25 हजार रुपये का भुगतान कर बच्ची को खरीद लिया।

ढाई महीने तक ‘नर्क’ में रही मासूम
​बच्ची ने पुलिस को आपबीती सुनाते हुए बताया कि उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया था। वहां संदीप ने उसके साथ लगातार हैवानियत की। जब उसने विरोध किया, तो उसे बेरहमी से पीटा गया। बच्ची के शरीर पर मिले जलाने के निशान उस पर हुए जुल्मों की गवाही दे रहे हैं।

पुलिस की तत्परता से मिली नई जिंदगी
​इधर तमिलनाडु में मजदूरी करने वाली पीड़िता की मां ने 2 अप्रैल को चक्रधरपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर सीतापुर में छापेमारी की। पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित बरामद किया। आरोपी संदीप कुमार और किशोरी लाल कुईरी को गिरफ्तार कर जेल भेजा।

पुलिसिया कार्रवाई: नए कानून के तहत केस दर्ज
​चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने कांड संख्या 38/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS 2023) की धारा 137(2) के तहत कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है और दलाल की तलाश जारी है।

जांच टीम में शामिल रहे: SDPO कुमार विनोद, थाना प्रभारी अवधेश कुमार, SI साहेब कुमार गौंड और डालसा की पीएलवी श्वेता रवानी समेत अन्य पुलिसकर्मी।

Share This Article