महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल (रेसुब), पूर्व मध्य रेल, हाजीपुर द्वारा गुरुवार को धनबाद का दौरा किया गया। इस अवसर पर सबसे पहले प्रभारी निरीक्षक, रिजर्व कंपनी के नेतृत्व में 01+18 बल सदस्यों द्वारा सम्मान गार्ड का आयोजन किया गया। इसके पश्चात धनबाद ऑडिटोरियम में सुरक्षा सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त, सहायक सुरक्षा आयुक्त सहित कुल 109 बल सदस्य उपस्थित थे।

सुरक्षा सम्मेलन के दौरान महानिरीक्षक ने सभी बल सदस्यों की व्यक्तिगत शिकायतें सुनीं और उन्हें उचित दिशा-निर्देश दिए। अपने संबोधन में उन्होंने बल को तकनीक के बेहतर उपयोग, यात्री संबंधी अपराधों पर शीघ्र प्रतिक्रिया देने, भ्रष्टाचार से दूर रहने, और पारदर्शिता के साथ कर्त्तव्य पालन करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मानव तस्करी, नशीली पदार्थों की तस्करी, यात्रियों के सामान की चोरी और नशाखुरानी के मामलों के निराकरण हेतु भी बल सदस्यों को महत्वपूर्ण हिदायतें दी गईं।
इसके बाद महानिरीक्षक ने वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त कार्यालय, श्वान दस्ता और रेसुब पोस्ट गोमो का निरीक्षण किया।