डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी राहुल आनंद ने जन शिकायत निवारण दिवस के अवसर पर समाहरणालय में नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस पहल का उद्देश्य जनता की शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित करना है। जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से आए नागरिकों ने उपायुक्त के समक्ष कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।
इनमें चिकित्सा सहायता के लिए आर्थिक सहयोग, स्कूल में नामांकन, गांवों में शराबबंदी की मांग, आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण, सड़क पर अतिक्रमण, मइयां सम्मान योजना का लाभ, विस्थापितों से जुड़ी समस्याएं, सड़क निर्माण, और भूमि विवाद जैसे व्यक्तिगत और सामाजिक मामले शामिल थे। विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी आनंद ने प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को तुरंत भेज दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मामलों को प्राथमिकता दी जाए और उनका निष्पादन समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने जोर देकर कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अतिरिक्त पदाधिकारी राहुल आनंद ने पदाधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जिन मामलों में भौतिक सत्यापन की आवश्यकता है, वहां जल्द से जल्द स्थल निरीक्षण किया जाए और वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। यह कदम निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। यह पहल जिला प्रशासन की नागरिकों के प्रति जवाबदेही और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।