डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर चुनावी व्यय लेखा संधारण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में हुई।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने चुनाव के दौरान प्रचार-प्रसार, जनसंपर्क, परिवहन, प्रचार सामग्री और अन्य गतिविधियों पर होने वाले खर्च की निगरानी से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सभी प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार व्यय संधारण और रिपोर्टिंग प्रक्रिया का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया।
अधिकतम व्यय सीमा 40 लाख
कर्ण सत्यार्थी ने बताया कि इस उपचुनाव के लिए प्रत्याशी के लिए अधिकतम व्यय सीमा 40 लाख निर्धारित है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि चुनाव प्रचार में किए जाने वाले प्रत्येक खर्च का सटीक लेखा-जोखा रखा जाए। प्रशासन द्वारा ‘शैडो रजिस्टर’ का भी संधारण किया जाएगा, जिसका मिलान निर्धारित तिथि को प्रत्याशी, प्रतिनिधि और व्यय निगरानी दल द्वारा किया जाएगा ताकि सभी विवरण पारदर्शी रूप से दर्ज हों।
दैनिक व्यय का अलग रजिस्टर
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि प्रतिदिन के खर्च के लिए अलग-अलग रजिस्टर बनाए जाएं और सभी प्रविष्टियां समय पर अद्यतन (अपडेट) की जाएं। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा नामित व्यय प्रेक्षक सभी तरह के चुनावी व्यय की गतिविधियों पर बारीकी से निगरानी रख रहे हैं।
व्यय निगरानी दल को निर्देश दिया गया है कि वे प्रत्याशी द्वारा किए जा रहे प्रत्येक व्यय का बारीकी से अवलोकन करें और उसे रजिस्टर में सही रूप से अंकित करना सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान व्यय संधारण से जुड़ी प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा की गई और पारदर्शिता, सटीकता तथा समयबद्धता बनाए रखने पर जोर दिया गया।

