उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन एवं उप विकास आयुक्त सनी राज ने आज पीएम-एबीएचआईएम के तहत जिले के सभी प्रखंडों के स्वास्थ्य केंद्रों, सदर अस्पताल, आयुष्मान भारत योजना सहित जिले में संचालित समस्त स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में संबंधित विभागीय पदाधिकारियों के साथ विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सदर अस्पताल एवं आयुष्मान योजना पर विशेष फोकस
बैठक के दौरान सदर अस्पताल की व्यवस्थाओं, आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत इलाज की संख्या बढ़ाने, स्वास्थ्य केंद्रों की परफॉर्मेंस रिपोर्ट तथा विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डॉक्टरों की उपस्थिति को लेकर सख्त निर्देश
उपायुक्त ने सभी स्पेशलिस्ट डॉक्टरों को एसडीओ कार्यालय में संधारित उपस्थिति रजिस्टर में नियमित रूप से आगमन एवं प्रस्थान का समय दर्ज करने का सख्त निर्देश दिया, ताकि चिकित्सकीय सेवाओं में पारदर्शिता एवं अनुशासन सुनिश्चित किया जा सके।
पीएचसी और सीएचसी की स्थिति की समीक्षा
बैठक में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की वर्तमान स्थिति, संसाधन, मानव बल एवं सेवाओं की उपलब्धता पर विस्तार से चर्चा की गई और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर की प्रगति पर चर्चा
अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर (UAAM) की प्रगति की समीक्षा करते हुए आयुष्मान कार्ड में नाम त्रुटि एवं नाम सुधार से संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित निपटारा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
सदर अस्पताल में जांच सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सदर अस्पताल में उपलब्ध जांच (टेस्ट) की संख्या को बढ़ाकर 100 से अधिक किया जाए, जिससे आम नागरिकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधा प्राप्त हो सके।
सहियाओं के कार्यों की छह माह की समीक्षा
सहियाओं के कार्यों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने पिछले छह माह की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया। कमजोर प्रदर्शन करने वाली सहियाओं की सूची बनाकर पुनः समीक्षा बैठक में प्रस्तुत करने एवं बेहतर प्रदर्शन करने वाली सहियाओं को आवश्यक प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए।
युवा मैत्री केंद्र की राज्य स्तर पर उपलब्धि
बैठक में सिविल सर्जन आलोक विश्वकर्मा ने जानकारी दी कि धनबाद का युवा मैत्री केंद्र राज्य स्तर पर शीर्ष पांच में स्थान प्राप्त करने में सफल रहा है, जो जिले के लिए गर्व की बात है।
समन्वय एवं समयबद्ध अनुपालन के निर्देश
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हेतु दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में नगर आयुक्त आशीष गंगवार, सिविल सर्जन, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ संजीव कुमार प्रसाद सहित चिकित्सक एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

