संवाददाता, मिरर मीडिया: अंतरराष्ट्रीय शूटर और खेल रत्न अवार्डी मनु भाकर के मामा युद्धवीर सिंह (55) और नानी सावित्री देवी (75) का रविवार सुबह सड़क हादसे में दुखद निधन हो गया। हादसा नेशनल हाईवे 334बी पर दादरी के लोहारू चौक और महेंद्रगढ़ बाईपास के बीच हुआ। ब्रेजा कार और स्कूटी के बीच हुई टक्कर में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह करीब 9:30 बजे तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार भी पलट गई और चालक मौके से फरार हो गया। स्कूटी पर सवार युद्धवीर सिंह और उनकी मां सावित्री देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हरियाणा रोडवेज में चालक थे युद्धवीर सिंह
युद्धवीर सिंह मूल रूप से दादरी के गांव कलाली के रहने वाले थे और हरियाणा रोडवेज के दादरी डिपो में चालक के पद पर कार्यरत थे। फिलहाल वे दादरी के कलियाणा रोड के पास रहते थे। रविवार सुबह वे ड्यूटी पर जाने के लिए स्कूटी से निकले थे। इस दौरान उनकी मां सावित्री देवी भी उनके साथ थीं। सावित्री देवी को उन्होंने रास्ते में अपने दूसरे भाई के घर उतारने का प्लान किया था।
घटना की सूचना मिलते ही दादरी सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद कार चालक फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
यह सड़क दुर्घटना न केवल परिवार के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए शोक का विषय बन गई है। मनु भाकर और उनके परिवार के प्रति शोक संवेदनाओं का सिलसिला जारी है।