डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: आईटीएम वोकेशनल यूनिवर्सिटी, वडोदरा ने विवेकानंद युवा मंडल के सहयोग से ‘मनुष्य निर्माण व चरित्र निर्माण’ विषय पर एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी का आयोजन किया। यह कार्यक्रम विशेष रूप से विश्वविद्यालय के शिक्षकों और छात्रों के लिए था। संगोष्ठी का उद्घाटन रामकृष्ण मिशन विवेकानंद मेमोरियल, वडोदरा के पूज्य स्वामी अनंतरानंद जी महाराज ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अनिल बिशेन भी उपस्थित रहे।
अखिल भारत विवेकानंद युवा महा मंडल से आए जुगल प्रधान, अनुप दत्ता और अपूर्व दास ने स्वामी विवेकानंद के मनुष्य निर्माण और चरित्र निर्माण संबंधी विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने ‘3H (Head, Heart, Hand)’ यानी मस्तिष्क, हृदय और हाथ के संतुलित विकास पर आधारित महा मंडल की वैज्ञानिक कार्यप्रणाली के माध्यम से व्यक्तित्व विकास के महत्व पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान स्वामी विवेकानंद के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर भी विस्तृत चर्चा हुई, जिसमें आत्मबल, सेवा और राष्ट्रनिर्माण के उनके विचार प्रमुखता से शामिल थे। वडोदरा विवेकानंद युवा मंडल से के.जे.एन. सिंह और प्रकाश जोशी ने भी सभा को संबोधित किया और सभी उपस्थित लोगों को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस संगोष्ठी में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के प्रमुखों सहित लगभग 150 शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम की एक खास उपलब्धि के तौर पर वडोदरा विवेकानंद युवा मंडल द्वारा प्रकाशित ‘स्वामी विवेकानंद : द पॉवर’ पुस्तिका के हिंदी अनुवाद का भी इस अवसर पर विमोचन किया गया।