हनुमान मंदिर से कुल्टी तक गूंजे जय श्री राम के नारे, ड्रोन से रखी गई कड़ी निगरानी
बराकर। श्री राम नवमी के पावन अवसर पर बराकर में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल कुल्टी प्रखंड के तत्वावधान में भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा बराकर रेलवे स्टेशन स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण से शुरू होकर कुल्टी तक पहुंची, जहां पूरे मार्ग में श्रद्धा, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
शोभा यात्रा के दौरान राम दरबार की आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्री राम के भजनों पर पूरा इलाका भक्तिमय हो उठा और “जय श्री राम” के गगनभेदी नारों से वातावरण गुंजायमान हो गया।
इस आयोजन में बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और युवाओं ने भाग लिया। श्रद्धालु अपने हाथों में श्री राम और हनुमान जी के ध्वज लिए भक्ति भाव से शोभा यात्रा में शामिल हुए और पूरे मार्ग में अनुशासन के साथ आगे बढ़ते नजर आए।
कार्यक्रम में कुल्टी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डॉ. अजय पोद्दार भी उपस्थित रहे।
सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखा। जगह-जगह पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। साथ ही, ड्रोन कैमरों के जरिए पूरे कार्यक्रम की निगरानी कर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखा गया।

