डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : जमशेदपुर के चांडिल डैम से गुरुवार को एक शव बरामद किया गया है। बताया जा रहा है कि यह शव लापता विमान में सवार एक पायलट शुभोदीप दत्ता का है। उसकी पहचान उसकी शर्ट के बैच पर लिखे नाम से की गई है। इसके बाद शव को सदर अस्पताल भेजा गया। वहीं दूसरे शव की पहचान के लिए एनडीआरएफ की टीम लगी हुई है। घटना के बाद से ही एनडीआरएफ की 16 सदस्यीय टीम लगी हुई है। एक मछुआरे की सूचना पर शव की बरामदगी हुई है। लेकिन प्रशासन ने अभी तक इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है। दरअसल, एक मछुआरा चांडिल डैम में मछली पकड़ रहा था। इस दौरान उसने ट्रेनी पायलट का शव देखकर पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।
वहीं चांडिल डैम में गिरे लापता विमान की खोजबीन लगातार तीसरे दिन भी चल रही है। आज ही सुबह भारतीय नौसेना की टीम लापता विमान की खोजबीन के लिए चांडिल पहुंची है। बुधवार रात ही भारतीय वायु सेना की टीम विशेष विमान रांची एयरपोर्ट पहुंची थी। बता दें कि मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट से टेकऑफ करने के बाद से अलकेमिस्ट एविएशन का ट्रेनिंग विमान क्रैश होकर डैम में गिर गया था। उड़ाने भरने के 15 मिनट के बाद ही विमान का संपर्क टूट गया था, जिसके बाद से ही उसकी खोजबीन जारी है। टाटा स्टील का हेलीकॉप्टर दलमा के जंगलों के ऊपर उड़ान भर कर आसमान से विमान की तलाश कर चुका है, जबकि एनडीआरएफ की टीम चांडिल डैम के पानी के अंदर विमान की तलाश की लेकिन कहीं भी सफलता नहीं मिली। एनडीआरएफ की असफलता के बाद सरायकेला जिला प्रशासन ने भारतीय नौसेना से मदद लेने का फैसला लिया था।

