Jamshedpur डायन के आरोप में एक ही परिवार के 3 लोगों की हत्या, पुलिस ने जब्त किए शव, कर रही जांच

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : पश्चिम सिंहभूम जिला के टेबो थाना से 30 किमी दूर नक्सल प्रभावित क्षेत्र चंपाबा पंचायत स्थित सियांकेल में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या डायन बिसाही के आरोप में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा धारदार हथियार व लाठी से पीटकर कर दी गई। जानकारी के मुताबिक सियांकेल गांव निवासी दुगुलू पूर्ति (60 ),पत्नी सुकु होरो (50) व पुत्री दसकिर पूर्ति (23) अपने घर में गुरुवार की रात्रि सोए हुए थे। इसी दौरान रात्रि में अज्ञात लोगों द्वारा लाठी व धारदार हथियार से मार कर हत्या कर दी गई। इसके बाद सभी शवों के गले में रस्सी बांधकर घसीटते हुए गांव के समीप चुरिंगकोचा के जंगल में फेंक दिया। शुक्रवार सुबह ग्रामीण जंगल में लकड़ी व पत्ता लाने गए, तो तीनों के शव देखे। दोनों महिला का शव अर्द्धनग्न अवस्था में था। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने गांव आकर दी। जिसके बाद ग्रामीणों द्वारा टेबो पुलिस को सूचना दी गई।

अति नक्सली प्रभावित व सुदूरवर्ती दुर्गम क्षेत्र होने के कारण पुलिस शुक्रवार को नहीं गई। शनिवार को टेबो थाना, सीआरपीएफ व जिला पुलिस बल भारी संख्या में घटनास्थल पहुंचे और शव को जब्त कर टेबो थाना लाए। बताते चलें कि पूर्व में भी ग्रामीणों ने उक्त मृतक महिला के खिलाफ डायन होने के आरोप लगा कर बैठक की थी। मृतक की 2 पुत्रियों की जान घर में मौजूद नही रहने के कारण बच गई। मृतक की एक बेटी पुनि पूर्ति (18) दिल्ली में काम करती है। वहीं दूसरी पुत्री दातकी पूर्ति (15 वर्ष) बिरसा स्कूल बंदगांव में रहकर 10 वीं कक्षा में पढ़ाई कर रही है। जिस कारण ये दोनों बच गई। इस घटना से गांव में भय का वातावरण है। कोई भी इस बारे में बातचीत करने से इनकार कर रहा है। पुलिस मामले की गंभीरता पूर्वक जांच कर रही है। बंदगांव प्रखंड के राज्य के सबसे दुर्गम, सभ्यता से कोसो दूर व अशिक्षित क्षेत्र होने के कारण आए दिन जंगल राज की तरह हत्या कर दी जाती है। पिछले सप्ताह ही तीन फेरीवालों की पीट पीटकर दर्दनाक तरीके से हत्या कर दी गई थी।

Share This Article