डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : टेल्को पुलिस ने परसुडीह के सालगाझड़ी रेलवे फाटक के पास से दो गांजा तस्कर को पकड़ा है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपियों में परसुडीह के बारीगोड़ा मार्केट के पास का रहने वाला चंद्रशेखर कुमार, गोलमुरी न्यू केबुल टाउन का अमित कुमार सिंह उर्फ बबलु सिंह शामिल है। दोनों के पास से पुलिस ने गांजा के अलावा एक स्कूटी और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने पुलिस ऑफिस में आयोजित प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि जेम्को बस स्टैंड के पास स्कूटी सवार दो लोगों पर पुलिस को संदेह हुआ। जिसके बाद पुलिस उसका पीछा करते हुए टेल्को पहुंची और दोनों की तलाशी ली तो उनके पास 3 किलो से भी ज़्यादा गांजा पाया गया। पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी गांजा का तस्करी करते है। सिटी एसपी के अनुसार विशेष गश्ती टीम की ओर से परसुडीह के सालगाझड़ी रेलवे फाटक के पास से स्कूटी पर सवार दो लोगों को 3.66 किलोग्राम गांजा के साथ दबोचा है। छापेमारी टीम में मुख्य रूप से डीएसपी सुनिल चौधरी, टेल्को थानेदार प्रशांत कुमार, एसआई शशिकांत, देवकांत शर्मा, मो. सलीम आलम आदि शामिल थे।