डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जमशेदपुर के बस्ती विकास समिति के तत्वाधान में एग्रीको स्थित ट्रांसपोर्ट मैदान में वृहद योग शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है। इस निमित्त बुधवार को बस्ती विकास समिति, जमशेदपुर द्वारा प्रेस वार्ता के माध्यम से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम और तैयारियों पर विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की गई। भालूबासा स्थित होटल मिष्टी इन के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में बस्ती विकास समिति के अध्यक्ष खेमलाल चौधरी, संरक्षक रामबाबू तिवारी, योग दिवस के प्रभारी दिनेश कुमार और पवन अग्रवाल महिला, पतंजलि योग समिति की गौरी कर और अन्य मुख्य रूप से मौजूद रहे। प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए समिति के अध्यक्ष खेमलाल चौधरी ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को बस्ती विकास समिति के द्वारा धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके तहत एग्रीको स्थित ट्रांसपोर्ट मैदान में सुबह 5:30 बजे से सामूहिक योगाभ्यास किया जाएगा। इस शिविर में पूर्वी सिंहभूम महिला पतंजलि योग समिति के सहयोग से प्रशिक्षित योग गुरु लोगों को महत्वपूर्ण योग गुरु लोगों को महत्वपूर्ण योगाभ्यास कराएंगे। इसके साथ ही योग हमारे जीवन के लिए कितना और क्यों महत्वपूर्ण है, इस बात की भी जानकारी दी जाएगी। इस दौरान विभिन्न योगिक क्रियाएं और व्यायाम कर सभी को स्वस्थ रहने का मंत्र प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बस्ती विकास समिति का यह प्रयास है कि शहर वासियों को योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया जाए। अध्यक्ष खेमलाल चौधरी ने बताया कि इस वर्ष का थीम ‘महिला सशक्तिकरण के लिए योग’ निर्धारित किया गया है। वही योग शिविर में शामिल होने के लिए लोगों को विभिन्न माध्यमों से आमंत्रित किया गया है। समिति ने लोगों से सुविधा के लिए अपने साथ योगा मैट या चादर लाने की अपील की है। वही बस्ती विकास समिति के संरक्षक रामबाबू तिवारी ने कहा कि आज के व्यस्त जीवन में योग किसी वरदान से कम नहीं है। इस शिविर के माध्यम से हम जनमानस में योग के प्रति जागरूकता लाने की कोशिश करेंगे। ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग योग के सकारात्मक प्रभाव को महसूस कर इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। समिति के संरक्षक रामबाबू तिवारी ने लोगों से 21 जून को सुबह 5:30 बजे एग्रीको ट्रांसपोर्ट मैदान में आने और योग अभ्यास कर स्वस्थ जीवन अपनाने की अपील की। इसके अलावा प्रेस वार्ता में भूपेंद्र सिंह, मनजीत सिंह, प्रेम झा, बोलटू सरकार, सुधा झा, विनीता सिन्हा, प्रेमलता प्रसाद, इराक्षी सामल समेत अन्य मौजूद रहे।
Jamshedpur : 21 जून को एग्रिको ट्रांसपोर्ट मैदान में वृहद योग शिविर का होगा आयोजन, लोगों को मिलेगा योगाभ्यास का मौका
