Jamshedpur:अराजक तत्वों ने स्कूल को फूंका, मासूमों की किताबें और सपने जलकर राख

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : शिक्षा के मंदिर पर असामाजिक तत्वों का हमला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु स्थित उत्क्रमित मध्य सरना विद्यालय का है, जहां देर रात अराजक तत्वों ने कक्षा एक के कमरे में आग लगा दी। इस घटना में बच्चों की किताबें, डेस्क-बेंच और जरूरी शैक्षणिक सामग्री पूरी तरह जलकर खाक हो गई है।

​देर रात मची अफरातफरी, पुलिस ने पाया काबू

​घटना रात करीब 1 बजे की है। स्कूल से लपटें उठती देख पड़ोस में रहने वाले कंचन दत्ता और अन्य लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाई, लेकिन तब तक नुकसान काफी हो चुका था।

​क्या-क्या हुआ नुकसान?

​विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि आगजनी में भारी क्षति हुई है। कक्षा एक का पूरा कमरा जलकर खंडहर बन गया है। बच्चों की नई किताबें, टीचिंग लर्निंग मटेरियल पूरी तरह नष्ट हो गए। बैठने के लिए रखे डेस्क और बेंच कोयला बन चुके हैं।

​रात में आया था फोन, सुबह दिखा तबाही का मंजर

​प्रधानाध्यापक मुकेश ठाकुर ने बताया कि रात 1 बजे उन्हें पड़ोसी का फोन आया था, जिसे वे उठा नहीं सके। सुबह 6 बजे जब बात हुई और वे स्कूल पहुंचे, तो नजारा देखकर दंग रह गए। कमरे का ताला खोलते ही अंदर सिर्फ राख और बर्बादी नजर आई। यह पहली बार नहीं है, जब इस विद्यालय को निशाना बनाया गया हो। स्कूल प्रबंधन ने प्रशासन से सुरक्षा के लिए दो प्रमुख मांगें रखी हैं। पक्की चारदीवारी ताकि बाहरी तत्वों का प्रवेश रोका जा सके। हाई मास्ट लास्ट रात के अंधेरे में होने वाली नशेबाजी और अड्डेबाजी पर लगाम लग सके।

पुलिस की कार्रवाई

सिदगोड़ा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि इस घिनौनी करतूत के पीछे किन शरारती तत्वों का हाथ है।

    Share This Article