Jamshedpur: होली से पहले अवैध शराब पर प्रहार, बर्मामाइंस और परसुडीह में छापेमारी, भारी मात्रा में शराब जब्त

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: रंगों के त्योहार होली के मद्देनजर शहर में अवैध शराब के सिंडिकेट को ध्वस्त करने के लिए उत्पाद विभाग ने सघन अभियान छेड़ दिया है। विभाग की टीम ने जमशेदपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में औचक छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी और चुलाई शराब बरामद की है।

बर्मामाइंस: छापेमारी की भनक लगते ही आरोपी फरार
उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के ट्यूबगेट स्थित मुखी बस्ती में अवैध विदेशी शराब का भंडारण किया गया है। टीम ने जब सुशांत मुखी के घर पर धावा बोला, तो वहां से झारखंड में प्रतिबंधित ‘King’s Gold’ ब्रांड की व्हिस्की के दो कार्टन (कुल 18 लीटर) बरामद हुए।

हालांकि, छापेमारी दल के पहुंचने से पहले ही किसी ने आरोपी को सतर्क कर दिया, जिसका फायदा उठाकर सुशांत मुखी मौके से फरार होने में कामयाब रहा। विभाग ने आरोपी के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

परसुडीह: घर से मिली 30 लीटर अवैध चुलाई शराब
कार्रवाई का दूसरा मोर्चा परसुडीह थाना क्षेत्र के सोपोडेरा (कालीमाटी टोला) में खुला। यहां गुप्त सूचना के आधार पर गौतम कुमार खटुआ उर्फ बबलू के घर पर छापेमारी की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 30 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की है। आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

विभाग की चेतावनी: जारी रहेगा अभियान
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि होली के दौरान हुड़दंग रोकने और अवैध शराब के खेल को खत्म करने के लिए यह अभियान थमेगा नहीं। अवैध निर्माण, भंडारण और बिक्री के अड्डों को चिन्हित किया जा रहा है।संदिग्ध इलाकों में गश्त और छापेमारी तेज कर दी गई है।

Share This Article