डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : बीती रात जुगसलाई के धानचटनी गांव निवासी अशोक सिंह के कच्चे मकान को एक जंगली हाथी ने पूरी तरह से तोड़कर तहस-नहस कर दिया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी व्यक्ति को शारीरिक रूप से कोई नुकसान नहीं पहुंचा। अशोक सिंह एक गरीब मजदूर है। मजदूरी करके किसी तरह वह अपने परिवार का पालन-पोषण करते है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह जंगली हाथी अकेला था और रात्रि के समय गांव में घुस आया। हाथी ने अशोक सिंह के मकान को निशाना बनाया और कुछ ही मिनटों में उसे पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। अशोक सिंह का परिवार घटना के समय किसी तरह सुरक्षित स्थान पर चला गया था, जिससे जानमाल की बड़ी हानि टल गई।
अशोक सिंह ने बताया कि वह बहुत ही गरीब हैं और दिहाड़ी मजदूरी करके किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने काफी कठिनाई से पैसे जोड़कर यह कच्चा मकान बनाया था, जो अब पूरी तरह बर्बाद हो चुका है। उनके पास अब ना रहने की जगह बची है और ना ही घर बनाने के लिए पर्याप्त साधन।
उन्होंने प्रशासन से भावुक अपील की है कि उन्हें जल्द मुआवजा व पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। ताकि वह फिर से अपने परिवार के साथ एक सुरक्षित छत के नीचे जीवन यापन कर सकें।

