डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : लौहनगरी के मानगो क्षेत्र में बुधवार की देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई जब ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित गंगौर स्वीट्स के पास एक युवक ने सरेआम पिस्तौल लहराना शुरू कर दिया। मामला पति-पत्नी के आपसी विवाद से शुरू हुआ था, जिसमें पति के दोस्त ने फिल्मी अंदाज में हथियार निकालकर भीड़ को धमकाने की कोशिश की। हालांकि गुस्साए लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की जड़ एक साल पुरानी शादी और घरेलू कलह है। जुगसलाई की रहने वाली महिला का निकाह एक साल पहले कपाली निवासी युवक से हुआ था। दोनों के बीच पिछले कुछ समय से अनबन चल रही थी। बुधवार रात पति ने सुलह या मुलाकात के बहाने पत्नी को बुलाया और उसे बाइक पर बैठाकर हाईवे की ओर ले गया।
बीच सड़क पर मारपीट और दहशत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पति के पीछे उसका एक दोस्त भी दूसरी बाइक से चल रहा था। ओल्ड पुरुलिया रोड पहुंचते ही पति ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसे जोरदार तमाचा जड़ दिया। डर के मारे महिला बाइक से कूदकर अपनी जान बचाने के लिए पास के गंगौर स्वीट्स में जा घुसी।
दोस्त ने दिखाई ‘रंगबाजी’, जनता ने उतारा भूत
जब स्थानीय लोग महिला की मदद के लिए आगे आए, तो पति के साथ आए दोस्त ने माहौल बिगाड़ दिया। उसने अचानक पिस्तौल निकाली और वहां मौजूद भीड़ को पीछे हटने की धमकी देने लगा। पिस्तौल देख एक पल के लिए अफरा-तफरी मची, लेकिन निडर भीड़ ने युवक को घेर लिया और उसे दबोच लिया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही आजाद नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित महिला को रेस्क्यू कर सुरक्षित थाने पहुंचाया। हथियार लहराने वाले युवक और पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। थाने के बाहर जुटी उत्तेजित भीड़ को खदेड़कर स्थिति को नियंत्रण में किया।

