Jamshedpur: तारापद महतो हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, ससुराल में छिपा था ‘छोटू दुबे’, पुलिस ने ऐसे दबोचा

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: गालूडीह थाना क्षेत्र के बहुचर्चित तारापद महतो हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी निवास कुमार दुबे उर्फ छोटू दुबे को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी उलीडीह थाना क्षेत्र स्थित उसके ससुराल से हुई है।

जमीन विवाद ने ली जान, अब तक 3 गिरफ्तार

​ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि यह पूरी वारदात जमीन विवाद से जुड़ी हुई है। तारापद महतो, जो कि उलूदा पंचायत की उप-मुखिया रानी महतो के पति और प्रज्ञा केंद्र संचालक थे, उनकी हत्या की योजना सुनियोजित तरीके से बनाई गई थी। पुलिस इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है।

हथियार और बाइक बरामद

​गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल सामान भी बरामद किया है। एक अवैध पिस्तौल और 3 जिंदा गोलियां, एक लाल-काले रंग की टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल बरामद किया है।

कैसे मिली कामयाबी?

​वारदात के बाद से ही पुलिस की विशेष टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। एसएसपी, सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी के दिशा-निर्देश पर घाटशिला एसडीपीओ के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मुख्य आरोपी उलीडीह इलाके में अपने ससुराल में छिपा हुआ है, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। बता दें कि इससे पहले पुलिस ने एमजीएम थाना क्षेत्र के चांदनी चौक के पास चेकिंग अभियान के दौरान दो अन्य आरोपियों को दबोचा था। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चौथे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share This Article