Jamshedpur: टाटा मोटर्स यार्ड में बोरिंग के दौरान बड़ा हादसा, पश्चिम बंगाल के मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: लौहनगरी के औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। टेल्को स्थित टाटा मोटर्स के यार्ड में बोरिंग कार्य के दौरान दो मजदूर मशीनरी की चपेट में आ गए। इस दुर्घटना में एक मजदूर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी के अनुसार, टाटा मोटर्स यार्ड परिसर में मशीन से बोरिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान वहां कार्यरत दो मजदूर अचानक चालू मशीन की चपेट में आ गए और बुरी तरह घायल हो गए। आनन-फानन में दोनों को टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की।

बंगाल से रोजी-रोटी की तलाश में आए थे दोनों मजदूर
हादसे का शिकार हुए दोनों व्यक्ति मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मेदिनीनगर के रहने वाले थे। राम हरिदास की इलाज के दौरान इनकी मृत्यु हो गई। वहीं गौरी हरि फिलहाल अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। टेल्को थाना के एएसआई पवन कुमार ने बताया कि ये दोनों मजदूर एक ठेका कंपनी के माध्यम से यार्ड में काम कर रहे थे। ये अपने घर से दूर जमशेदपुर में रोजगार की तलाश में आए थे।

पुलिस जांच शुरू, सुरक्षा मानकों पर सवाल
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हादसे के बाद अब यह सवाल भी उठने लगे हैं कि क्या कार्यस्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या यह किसी तकनीकी लापरवाही का नतीजा है। बहरहाल पुलिस ठेका कंपनी के अधिकारियों से पूछताछ कर रही है ताकि हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।

Share This Article