डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : एमजीएम अस्पताल में एक बड़ा हादसा हुआ जब मेडिसिन विभाग का पुराना और जर्जर भवन अचानक ढह गया। यह घटना शनिवार को जमशेदपुर स्थित साकची के एमजीएम अस्पताल में हुई। जिसमें कई मरीज मलबे में दब गए। बताया जा रहा है कि भवन के तीसरे तल्ले के पीछे का हिस्सा जोरदार आवाज के साथ नीचे आ गिरा। जिससे दूसरे तल्ले पर मौजूद लोग मलबे में दब गए। इनमें एक महिला भी शामिल है। घटना के बाद पूरे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल प्रशासन और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। अब तक मिली जानकारी के अनुसार अब तक 3 लोगों की मौत हो गई है। घटनास्थल की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है। बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी एमजीएम अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने मेडिसिन विभाग के कॉरिडोर गिरने की घटना का जायजा लिया। इस घटना में कई लोग घायल हुए थे। स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल का निरीक्षण किया और स्थिति का आकलन किया। उन्होंने घटना के कारणों की जांच के आदेश दिए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही।