डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : इस साल अक्षय तृतीया 30 अप्रैल यानी कल मनाया जाएगा। हालांकि तृतीया तिथि 29 अप्रैल की रात 8:42 बजे लग गयी है, जो अगले दिन 30 अप्रैल की शाम 6:05 तक रहेगी। इस तरह उदया तिथि के अनुसार अक्षय तृतीया 30 अप्रैल को मनायी जाएगी। अक्षय तृतीया को लेकर बाज़ार भी तैयार है और लोगों में भी उत्साह जा। अक्षय तृतीया को बहुत ही शुभ दिन माना जाता है और इस दिन कोई भी नया काम करना अच्छा माना गया है। सोने चांदी की खरीददारी को भी इस दिन शुभ माना जाता है। इसलिए इस दिन दुकानों में खूब भीड़ भी उमड़ती है। लोग अक्षय तृतीया पर घरों में पूजन भी करते है।
पंडित कौशल कुमार झा बताते हैं कि इस दिन पूजन का समय ब्रह्म मुहूर्त में सुबह 4:00 से 6:00 तक है। लाभ का चौघड़िया सुबह 6:00 से 7:30 बजे, अमृत चौघड़िया सुबह 7:30 से 9:00 बजे, शुभ का चौघड़िया सुबह 10:30 से 12:00 बजे और संध्या 4:30 से 6:00 बजे तक लाभ का चौघड़िया रहेगा। जिसमें पूजन करना श्रेष्ठ माना जाता है। बताते हैं कि इस दिन अबूझ मुहूर्त और सर्वार्थ सिद्धि योग है। सोना चांदी की खरीदारी शुभ मानी जाती है। विवाह के लिए देखा-देखी, विवाह, दुकान का पूजन, गृह प्रवेश, दुकान का उद्घाटन, गंगा स्नान, मुंडन, कर्ण छेदन, भगवान की प्रतिमा की प्रतिष्ठा जैसे शुभ कार्य किए जाते हैं। यह कार्य भी इस समय में किया जा सकते हैं। शुभ मुहूर्त पूजन सुबह 8:30 से 11:30 बजे, व्यावसायिक प्रतिष्ठान में पूजन संध्या 6:00 से 6:12 तक पूजा शुरू कर देनी चाहिए। जेवरात और अन्य चीजों की खरीदारी के लिए शुभ मुहूर्त शाम 6:01 से 7:38 बजे तक है। वैसे अक्षय तृतीया का पूरा दिन ही शुभ है। इसलिए खरीदारी कभी भी की जा सकती है।