Jamshedpur News: जमशेदपुर में टाटा स्टील प्लांट में भीषण हादसा, फर्नेस में गिरने से ठेका कर्मचारी की मौत

Amita kaushal
2 Min Read

जमशेदपुर : टाटा स्टील के जमशेदपुर स्थित प्लांट में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। प्लांट के हॉट स्ट्रिप मिल (HSM) सेक्शन में कार्यरत एक ठेका कर्मचारी बिजय कुमार पाणिग्रही की फर्नेस में गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब फर्नेस की मेंटेनेंस प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसका ट्रायल चल रहा था। बताया जा रहा है कि बिजय कुमार किसी तकनीकी जांच के दौरान फर्नेस के पास पहुंचा था, तभी वह संतुलन खो बैठा और सीधे फर्नेस में जा गिरा।

घटना के तुरंत बाद प्लांट में हड़कंप मच गया। सुरक्षा कर्मियों और अन्य कर्मचारियों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मृतक कर्मचारी ओडिशा का निवासी था और ठेके पर टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट में कार्यरत था।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और टाटा स्टील के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल कंपनी की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है, वहीं श्रम विभाग ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।

Advertisement

यह हादसा टाटा स्टील की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर एक बड़ा सवाल खड़ा करता है। कर्मचारियों और ठेका कर्मियों की सुरक्षा को लेकर अब कई तरह के सवाल उठने लगे हैं।

Jamshedpur News/ TATA STEEL

Share This Article