Jamshedpur News : परसुडीह में गोदामों में भीषण आग, 2 करोड़ से अधिक का नुकसान

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार शाम गदरा चुना भट्टा गोदाम और पूजा सामग्री गोदाम में भीषण आग लगने से घनी आबादी वाले इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास की बस्तियों में दहशत फैल गई और लोग घर छोड़कर भागने को मजबूर हो गए। सूचना मिलते ही टाटा मोटर्स, टाटा पावर और झारखंड अग्निशमन विभाग की छह दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से लगभग 2 करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

चुना भट्टा गोदाम के मालिक उमेंद्र सिंह ने बताया कि उनके गोदाम में करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट बताया। घटना के समय गोदाम में कुछ मजदूर काम कर रहे थे और रात करीब 8 बजे धुआं उठने के बाद आग का पता चला। वहीं पूजा सामग्री गोदाम के संचालक विशाल गुप्ता के रिश्तेदार विनोद गुप्ता ने बताया कि आग से लगभग 2 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के समय विशाल गुप्ता बैसाखी मानसरोवर लाइन स्थित अपनी दुकान में थे। गोदाम में सभी त्योहारों के लिए पूजन सामग्री रखी थी, जो पूरी तरह जलकर राख हो गई। आग की सूचना पर परसुडीह थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। देर रात तक आग बुझाने का कार्य जारी रहा। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर दहशत बनी हुई है। पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के सटीक कारणों की जांच में जुट गया है।

Share This Article