डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सघन जंगल में शुक्रवार को सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने डंप को ध्वस्त कर नक्सलियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। घटनास्थल से आईईडी बम के साथ भारी मात्रा में विस्फोटक समेत नक्सली सामान को बरामद किया है। टोंटो थाना क्षेत्र के जंगलो में नक्सलियों के खिलाफ जिला पुलिस बल के साथ यह अभियान चलाया गया है। नक्सल विरोधी अभियान में जिला पुलिस के साथ कोबरा बटालियन झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ के जवान भी शामिल रहे। सुरक्षा बलों ने अपना नक्सली विरोधी अभियान अभी जारी रखने की घोषणा की है।
बता दे कि जिला पुलिस बल के नेतृत्व में जिले के नक्सल प्रभावित पहाड़ी वन क्षेत्रों में नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रहे सुरक्षा बलों को जिले के टोटो थाना अंतर्गत पहाड़ी वन क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा हथियार, गोला बारूद छुपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। इसके आलोक में सुरक्षा बलों ने शुक्रवार सुबह टोंटो थाना अंतर्गत वन ग्राम लुईया, बामईबासा गोबुरु आसपास के जंगली पहाड़ी क्षेत्रों में जांच अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को नक्सलियों के पुराने डंप का पता चला। जहां से सुरक्षा अधिकारियों ने जिलेटिन की 16 छड़े, 2 डेटोनेटर, 5 किलो अर्ध तरल विस्फोटक, तीन केन आइईडी सहित अन्य बहुत सारे सामान बरामद किए। सुरक्षा बलों ने बरामद विस्फोटकों को वही नष्ट करा दिया। बाकी सामानों को सुरक्षा बल के जवानों ने जब्त कर लिया।