डिजिटल डेस्क।।जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर में आज महाशिवरात्रि का पर्व पूरे हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही शहर के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। हाथों में गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा और फल लेकर भक्त अपने आराध्य देव महादेव का जलाभिषेक करने के लिए कतारों में खड़े नजर आए। शहर के साकची शिव मनोकामना मंदिर, भालूबासा के महादेव मंदिर, गोविंदपुर शिव मंदिर समेत कई मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई।

मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना
शहर के मंदिरों में सुबह से ही विशेष अनुष्ठान किए जा रहे हैं। श्रद्धालु परिवार सहित बाबा भोलेनाथ की पूजा में लीन हैं। महिलाओं और बच्चों में भी पूजा को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। वेदी को फूलों, फलों और दीपों से भव्य रूप से सजाया गया है, जहां भक्त श्रद्धापूर्वक धूप-दीप जलाकर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। मंदिरों को फूलों से सजाया गया है, महादेव का फूलों से श्रृंगार भक्तों का मन मोह रहा है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
भक्तों की भारी संख्या को देखते हुए विभिन्न मंदिर कमेटियों और स्थानीय प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कतारबद्ध तरीके से दर्शन की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी को असुविधा न हो। कई जगहों पर शिव भक्तों के लिए फलाहार और शर्बत का भी वितरण किया जा रहा है।
शाम को निकलेगी भव्य शिव बारात
महाशिवरात्रि के अवसर पर जमशेदपुर के कई इलाकों से शाम को भव्य ‘शिव बारात’ निकालने की भी तैयारी है। इसमें देवी-देवताओं और भूत-पिशाचों के रूप में सजे कलाकार आकर्षण का केंद्र रहेंगे। पूरा शहर इस समय भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है और ‘ॐ नमः शिवाय’ के मंत्रोच्चार से वातावरण गुंजायमान है।

