डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : लौहनगरी की कानून व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए एसएसपी पीयूष पांडेय ने पुलिस महकमे में बड़ा बदलाव किया है। देर शाम जारी किए गए आदेश के तहत एक साथ 17 थाना प्रभारियों का तबादला कर दिया गया है। इस फेरबदल में कई थानों की कमान बदली गई है, वहीं कुछ अधिकारियों को पुलिस लाइन क्लोज भी किया गया है।
इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
प्रशासनिक दृष्टिकोण से किए गए इस फेरबदल में आनंद कुमार मिश्रा को साक्षी थाने से हटाकर सीतारामडेरा का नया थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं, निरंजन कुमार अब सीतारामडेरा के बजाय बर्मामाइंस थाने की कमान संभालेंगे। गोपाल कृष्ण यादव को बागबेड़ा से हटाकर साक्षी थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि उमेश कुमार ठाकुर मुसाबनी से आकर बागबेड़ा के नए थाना प्रभारी होंगे।
इसके साथ ही, सुरेश प्रसाद को जादूगोड़ा के सर्किल इंस्पेक्टर पद से हटाकर टेल्को थाने का प्रभार दिया गया है। फ़ैज़ अहमद को साकची सीसीआई से हटाकर सिदगोड़ा का थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि राजेंद्र मुंडा अब जमशेदपुर कोर्ट सुरक्षा प्रभारी की जगह घाटशिला के नए थाना प्रभारी होंगे।
सर्किल इंस्पेक्टर और अन्य थानों में बदलाव
तबादलों की इस सूची में सर्किल इंस्पेक्टरों के कार्यक्षेत्र भी बदले गए हैं। दिलीप कुमार यादव को बर्मामाइंस से हटाकर जादूगोड़ा का सर्किल इंस्पेक्टर बनाया गया है। वंश नारायण सिंह को घाटशिला से हटाकर मुसाबनी का सर्किल इंस्पेक्टर और अजय कुमार ठाकुर को पटमदा का सर्किल इंस्पेक्टर नियुक्त किया गया है।
अन्य प्रमुख बदलावों में नीरज कुमार को बोड़ाम का नया थाना प्रभारी और ईश्वर दयाल मुंडा को जादूगोड़ा का नया थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं, वीरेन्द्र कुमार को सिदगोड़ा से हटाकर जमशेदपुर कोर्ट का सुरक्षा प्रभारी बनाया गया है और प्रशांत कुमार को टेल्को थाने से हटाकर साकची सीसीआई भेजा गया है।
गाज भी गिरी: दो अधिकारी पुलिस लाइन क्लोज
इस फेरबदल के बीच अनुशासन और कार्यक्षमता को देखते हुए मनोरंजन कुमार (बोड़ाम थाना प्रभारी) और राजेश कुमार मंडल (जादूगोड़ा थाना प्रभारी) को उनके पदों से हटाकर गोलमुरी पुलिस लाइन क्लोज कर दिया गया है।
एसएसपी द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है, जिससे शहर के लगभग सभी प्रमुख थानों की कार्यशैली में बड़े बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है।

