Jamshedpur: XLRI के मेधावी छात्र ने दी जान, पढ़ाई के तनाव में उठाया आत्मघाती कदम

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: लौहनगरी के प्रतिष्ठित संस्थान XLRI के एक छात्र द्वारा आत्महत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। टेल्को थाना क्षेत्र के ट्रक पार्क निवासी 20 वर्षीय आर्यन कुमार ने जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। आर्यन के इस कदम से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और शिक्षा जगत स्तब्ध है।

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
मिली जानकारी के अनुसार, आर्यन ने 25 फरवरी की देर रात घर में जहर का सेवन कर लिया था। तबीयत बिगड़ने पर उसे तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आर्यन के पिता वीरेंद्र कुमार सिंह टाटा मोटर्स के पूर्व कर्मचारी हैं।

मेधावी था आर्यन, घर में अकेले थे पिता-पुत्र
आर्यन शुरू से ही पढ़ाई में काफी तेज था। उसने टेल्को के चिन्मया विद्यालय से प्लस टू की पढ़ाई पूरी की थी और वर्तमान में वह XLRI का प्रथम वर्ष का छात्र था। घटना के वक्त घर में केवल पिता और पुत्र ही थे। आर्यन की मां अपनी बेटी के पास बेंगलुरु गई हुई हैं। मां और बहनों को जैसे ही इस अनहोनी की खबर मिली, घर में कोहराम मच गया।

क्या पढ़ाई का ‘प्रेशर’ बना मौत का कारण?
आर्यन ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसे लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। पिता भी इस बात से अनजान हैं कि उनके बेटे के मन में क्या चल रहा था। हालांकि, शुरुआती चर्चाओं में यह बात सामने आ रही है कि वह पढ़ाई के तनाव के कारण परेशान था।

पुलिस का पक्ष: टेल्को थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है ताकि आत्महत्या के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।

मदद के लिए यहां संपर्क करें
अगर आप या आपका कोई जानने वाला किसी भी तरह के मानसिक तनाव या अवसाद से गुजर रहा है, तो कृपया मदद मांगें। आप सुसाइड प्रिवेंशन हेल्पलाइन या स्थानीय विशेषज्ञों से संपर्क कर सकते हैं। अकेले न रहें, बात करें।

Share This Article