जमशेदपुर का कुख्यात वांटेड अपराधी रिंकू सेठ जयपुर से दबोचा: हत्या और फायरिंग के कई केस, अमरनाथ सिंह गिरोह से था जुड़ा

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क/जमशेदपुर: जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। शहर का कुख्यात वांटेड अपराधी रिंकू सेठ उर्फ सौरव शर्मा को राजस्थान के जयपुर स्थित शाहपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम ने की गई इस कार्रवाई से पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे अपराधी के गिरोह पर नकेल कस ली है। रिंकू सेठ मूल रूप से राजस्थान का निवासी है, लेकिन पिछले कई सालों से वह जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के ओलिडीह में सक्रिय था।

पुलिस के अनुसार रिंकू सेठ के खिलाफ जमशेदपुर के विभिन्न थानों में हत्या, फायरिंग, आर्म्स एक्ट और अन्य संगीन अपराधों के दर्जनों मामले दर्ज हैं। वह सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में टकलू लोहार की हत्या और मानगो में राजा सिंह की हत्या के मुख्य आरोपी के रूप में वांटेड था। इसके अलावा, उसके नाम पर चोरी-छिनैती से लेकर अवैध हथियार रखने और गोलीबारी की कई घटनाएं दर्ज हैं। प्रारंभिक दिनों में छोटे-मोटे अपराधों से जुड़ा यह अपराधी बाद में कुख्यात गैंगस्टर अमरनाथ सिंह के गिरोह का अहम सदस्य बन गया।

दुमका में हत्या कर था फरार

वर्ष 2023 के जुलाई में दुमका में अमरनाथ सिंह की हत्या के बाद रिंकू सेठ ने जमशेदपुर छोड़ दिया और भूमिगत हो गया। इस दौरान उसके विरोधियों ने उस पर जानलेवा हमला भी बोला, जिसमें वह बाल-बाल बच निकला। फरारी के दिनों में वह राजस्थान के प्रसिद्ध खाटू श्याम बाबा मंदिर के आसपास पार्किंग का व्यवसाय चला रहा था, लेकिन पुराने नेटवर्क से संपर्क बनाए रखे हुए था। पुलिस ने उसके ओलिडीह स्थित घर को कुर्क कर लिया था। हाल ही में उसकी चोरी-छिपे जमशेदपुर वापसी की खबर मिलने पर पुलिस अलर्ट हो गई और उसके संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ा दी।

ट्रांजिट रिमांड पर लाया जाएगा जमशेदपुर

गिरफ्तारी के बाद रिंकू सेठ को ट्रांजिट रिमांड पर जमशेदपुर लाया जा रहा है। यहां उससे गहन पूछताछ कर अन्य लंबित मामलों और संभावित साजिशों की परतें खोली जाएंगी। वरीय पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस गिरफ्तारी से शहर में अपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगेगी और अन्य फरार अपराधियों को भी चेतावनी मिलेगी। स्थानीय स्तर पर यह सफलता पुलिस की सतर्कता का नमूना है, जो अपराध मुक्त जमशेदपुर की दिशा में एक कदम है।

Share This Article