जमुई की जिला पदाधिकारी द्वारा अपराह्न 1:00 बजे समाहरणालय परिसर स्थित विभिन्न शाखा कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान विभिन्न शाखाओं में कार्यरत कर्मचारियों से उनके पद एवं कार्य के बारे में विस्तृत जानकारी ली गई। साथ ही आम जनता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। संचिकाओं के रख-रखाव की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को दस्तावेजों के सुव्यवस्थित प्रबंधन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सभी शाखाओं में फाइलों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। आगत-पंजी और निर्गत-पंजी का गहन निरीक्षण किया गया तथा निर्देशित पत्राचारों के आलोक में कार्यों को समयबद्ध रूप से निष्पादित करने के सख्त निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के क्रम में जिला अभिलेखागार, स्थापना शाखा, विकास शाखा, जिला पंचायती राज कार्यालय, अपर समाहर्ता सिविल कार्यालय, जिला नजारत शाखा, जिला निर्वाचन कार्यालय, जिला सामान्य शाखा, रिकॉर्ड रूम सहित अन्य शाखाओं का भ्रमण किया गया। वहां उपस्थित कर्मियों से उनके पद एवं कार्य की जानकारी प्राप्त की गई तथा उनकी समस्याओं को भी जाना गया।
अभिलेखागार शाखा का अवलोकन करते हुए इसे वृहद करने का निर्देश विशेष कार्य पदाधिकारी को दिया गया। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यसंवेदनशीलता और कार्यालयीन अनुशासन पर विशेष ध्यान दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने हेतु सतत निगरानी आवश्यक है। साथ ही यह भी कहा गया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कर्मचारियों से ईमानदारी और लगन से कार्य करने का आह्वान किया गया।