जमुई। पुलिस को 28 साल पुराने एक मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। मलयपुर थाना अंतर्गत वर्ष 1998 के कांड संख्या 96/98 के तहत फरार चल रहे आर्म्स एक्ट के आरोपी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। यह गिरफ्तारी 14 जून 2025 को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जमुई के निर्देश पर की गई।
इस मामले में आरोपी पर धारा 147, 148, 323, 307, 27 आर्म्स एक्ट और 302 भा.दं.वि. के तहत केस दर्ज था। आरोपी त्रिलोकी यादव और जलधर यादव उर्फ जनार्दन यादव पिछले 28 वर्षों से फरार थे और इन दोनों के नाम पर लाल वारंट जारी था।
पुलिस ने दोनों को उनके वर्तमान ठिकाने हलुकलटाली, थाना-मिहिजाम, जिला-जामताड़ा (झारखंड) से गिरफ्तार किया है। दोनों मूल रूप से साओ-देवाचक, थाना-मलयपुर, जिला-जमुई के निवासी हैं।
गिरफ्तारी में मलयपुर थाना की सक्रिय भूमिका रही और इसे जमुई पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि यह मामला लगभग तीन दशक से लंबित था।