HomeबिहारJAMUIअंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस - श्रमिकों के सम्मान में एकजुट हुआ जमुई —...

अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस – श्रमिकों के सम्मान में एकजुट हुआ जमुई — नई उम्मीदों के संकल्प के साथ मेहनतकशों को मिला मंच और मान

1 मई को अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर जमुई जिला अंतर्गत सोनपे स्थित संयुक्त श्रम भवन में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन उप विकास आयुक्त जमुई एवं श्रम अधीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

अपर समाहर्ता-सह-उप विकास आयुक्त ने श्रमिक वर्ग को संबोधित करते हुए कहा कि श्रमिक हमारे लिए श्रम संसाधन हैं, और उनके बिना किसी भी विकसित राज्य की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी विपरीत परिस्थिति में प्रशासन श्रमिकों के साथ खड़ा है। उन्होंने नियोजकों से अपील की कि मजदूरों को उनका उचित मेहनताना समय पर मिले और उनके पसीने की कीमत समझी जाए। राष्ट्र निर्माण में श्रमिकों की भूमिका को सकारात्मक ऊर्जा का स्रोत बताते हुए मई दिवस की शुभकामनाएं दी गईं और सभी पदाधिकारियों व कर्मचारियों से श्रमिकों के अधिकार दिलाने हेतु संवेदनशील रवैया अपनाने की अपील की गई।

श्रम अधीक्षक ने अपने संबोधन में बताया कि श्रम विभाग का द्वार जिले के सभी श्रमिकों के लिए 24×7 खुला है। न्यूनतम मजदूरी, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभाग विभिन्न योजनाएं चला रहा है। हाल ही में राज्य सरकार द्वारा “बिहार प्रवासी कामगार ऐप” लॉन्च किया गया है, जिसके माध्यम से योग्य श्रमिकों का पंजीकरण किया जा रहा है। ई-श्रम कार्ड के निर्माण हेतु श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे विभिन्न कैंप लगाकर इसका प्रचार-प्रसार करें। साथ ही बिहार दुकान एवं प्रतिष्ठान अधिनियम के अंतर्गत सभी नियोजकों को लाइसेंस लेने की अपील की गई।

कार्यक्रम में श्रमिकों से अपील की गई कि वे अपने जिला और राज्य को विकसित बनाने में योगदान दें। श्रम विभाग द्वारा संचालित नि:शुल्क पुस्तकालय का लाभ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यशाला में उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा श्रम संसाधन विभाग की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। लाभार्थियों को उप विकास आयुक्त द्वारा प्रतीकात्मक चेक भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में संयुक्त श्रम भवन परिसर में पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर जिले के सभी श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, श्रम अधीक्षक कार्यालय के कर्मी और सैकड़ों की संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।

KK Sagar
KK Sagar
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....

Most Popular

error: Content is protected !!