जमशेदपुर के ‘फर्नेस’ में फिर दहाड़ेगी जेएफसी: 15 फरवरी से शुरू होगा फुटबॉल का असली रोमांच

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: फुटबॉल प्रेमियों का लंबा इंतजार अब खत्म होने वाला है। इंडियन सुपर लीग (ISL) के रोमांचक मुकाबलों का बिगुल बज चुका है और जमशेदपुर एफसी (JFC) अपने घरेलू मैदान जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में विपक्षी टीमों को कड़ी चुनौती देने के लिए पूरी तरह तैयार है। ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन द्वारा जारी ताजा फिक्सचर के अनुसार, इस सीजन में जमशेदपुर की टीम कुल 13 मैच खेलेगी, जिसमें से 9 बड़े मुकाबले इसी शहर के ‘फर्नेस’ (जेआरडी स्टेडियम) में खेले जाएंगे।

15 फरवरी को मोहम्मडन स्पोर्टिंग से पहली भिड़ंत
​जमशेदपुर एफसी अपने अभियान की शुरुआत 15 फरवरी को मोहम्मडन स्पोर्टिंग के खिलाफ घरेलू मैदान पर करेगी। इस मैच को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है, क्योंकि टीम लंबे समय बाद अपने ‘होम ग्राउंड’ पर वापसी कर रही है। खास बात यह है कि मैच के टिकटों की बिक्री भी कल से शुरू होने जा रही है, जिसे लेकर क्लब ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

स्टेडियम में गूंजेगा शोर: 9 मैच घर में, 4 बाहर
​इस बार का शेड्यूल जमशेदपुर के फैंस के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है। कुल 13 मैचों में से 9 मैच जमशेदपुर में ही होंगे, जबकि टीम को सिर्फ 4 मुकाबलों के लिए शहर से बाहर (कोलकाता, दिल्ली, कोच्चि और पणजी) जाना होगा। मार्च और अप्रैल के महीने फुटबॉल के लिहाज से काफी व्यस्त रहने वाले हैं। इंटर काशी, नॉर्थईस्ट यूनाइटेड और मोहन बागान जैसी दिग्गज टीमें जेआरडी में जमशेदपुर से लोहा लेंगी। लीग का अंतिम मुकाबला 9 मई को बेंगलुरु एफसी के साथ खेला जाएगा, जो संभवतः अंक तालिका के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

शाम के स्लॉट बढ़ाएंगे रोमांच
​मैचों के समय को लेकर भी खास ध्यान रखा गया है। जेआरडी में होने वाले मुकाबले या तो शाम 5 बजे से शुरू होंगे या फिर रात 7:30 बजे से, जिससे वर्किंग डेज में भी फैंस बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंच सकें। कोच और खिलाड़ियों ने पहले ही अपनी प्रैक्टिस शुरू कर दी है, और अब बस इंतजार है तो रेफरी की पहली सीटी बजने का।

Share This Article