डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: झारखंड की 81 विधानसभा के पहले चरण के लिए बुधवार को चुनाव हो रहे हैं। पहले चरण में राज्य की 43 सीटों पर सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान जारी है। इस चरण में कुल 2.60 करोड़ मतदाताओं में से 1.37 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
दोपहर 1 बजे तक 46.25 फीसदी मतदान
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, दोपहर 1 बजे तक राज्य में 46.25 फीसदी मतदान हो चुका था। विभिन्न क्षेत्रों में मतदान की प्रतिशतता में अंतर देखने को मिल रहा है, जिससे चुनावी माहौल में हर जगह हलचल है।
रांची में सबसे कम, सिसई में सबसे अधिक मतदान
सुबह 11 बजे तक रांची में सबसे कम मतदान हुआ था, जो कि सिर्फ 17.85 प्रतिशत रहा। वहीं, सिसई विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 34.98 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पत्नी के साथ किया मतदान
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ मतदान किया। वोट डालने के बाद, कल्पना सोरेन ने सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा, “मेरी लोगों से अपील है कि वे अपने घरों से बाहर आएं और अपने मताधिकार का प्रयोग करें तथा सरकार बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।”
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 29562 पोलिंग बूथ स्थापित
मतदान के लिए कुल 20,281 जगहों पर 29,562 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जिनमें 5,042 बूथ शहरी और 24,520 बूथ ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। इनमें से 29 सीटों को संवेदनशील निर्वाचन क्षेत्र घोषित किया गया है, जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
पहले चरण में 683 उम्मीदवार
इस चरण में कुल 683 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें 609 पुरुष, 73 महिलाएं और एक थर्ड जेंडर उम्मीदवार शामिल हैं। इन 43 सीटों में 17 सामान्य, 20 अनुसूचित जनजाति और 6 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं।
पढ़े अन्य खबरें–
- खबरें और भी हैं mirrormedia.co.in पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं, आप हमसे जुड़ सकते हैं Facebook, Instagram, X अपने सुझाव या खबरें हमें mirrormedia2019@gmail.com पर भेजें।