बोकारो: झारखंड गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजीव रंजन और उपाध्यक्ष राजू गिरी झारखंड दौरे पर हैं। इसी क्रम में उन्होंने सदाफल गुरुदेव महाराज गौशाला, बहादुरपुर का निरीक्षण किया और बोकारो सर्किट हाउस में बैठक कर गौशाला पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अध्यक्ष राजीव रंजन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पहले झारखंड में गाय के नाम पर केवल राजनीति होती थी, लेकिन हेमंत सोरेन सरकार के गठन के बाद गौ सेवा आयोग सक्रिय रूप से कार्यरत है। वे देसी गायों की नस्ल सुधार पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि झारखंड में जल्द ही राष्ट्रीय स्तर का सेमिनार आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर के रिसर्च स्कॉलर्स भाग लेंगे और झारखंड की 22 पंजीकृत गौशालाओं की जानकारी प्राप्त करेंगे।
राजीव रंजन ने बताया कि आजकल गाय के गोबर से ईंट भी बनाई जा रही है, जो पर्यावरण के लिए फायदेमंद है। इस सेमिनार में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर शोध प्रस्तुत किए जाएंगे, जिससे राज्य को लाभ होगा।
उपाध्यक्ष राजू गिरी ने बताया कि झारखंड के पांच प्रमंडलों में कुल 10 हाइड्रोलिक एंबुलेंस उपलब्ध कराए जा रहे हैं, हर प्रमंडल को दो-दो एंबुलेंस मिलेंगे ताकि दुर्घटना में घायल गोवंश को समय पर इलाज मिल सके। साथ ही, आयोग द्वारा सभी 22 गौशालाओं को पांच लाख रुपये का हाइलाइट फंड भी दिया जाएगा।